राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस ने पंतग उड़ाने के लिए प्रतिबंधित मांझे का इस्तेमाल करने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चाइनीज मांझे के 33 बंडल भी जब्त किए हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चाइनीज मांझा बेचना और उसका उपयोग करना गैरकानूनी है।

बाहरी दिल्ली जिले की पुलिस ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘व्यक्तियों या जानवरों की जान जोखिम में डालने वाले मांझे का इस्तेमाल करने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो सौ पतंगें और चाइनीज मांझे के 33 बंडल भी बरामद किए गए हैं। चाइनीज मांझा बेचना और उसका इस्तेमाल करना दोनों ही अपराध है।’’

पश्चिमी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गत बुधवार को अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल पर जा रही सात साल की लड़की का चाइनीज मांझे से गला कट गया था और उसकी मौत हो गई थी।

राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने 2017 में राष्ट्रीय राजधानी में चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगा दिया था।

वहीं, इसी साल फरवरी में दिल्ली उच्च न्यायालय ने दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को चाइनीज सिंथेटिक मांझे के निर्माण, बाजारों में उसकी बिक्री तथा खरीद और भंडारण की जांच करने का निर्देश दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights