पूर्व केंद्रीय मंत्री और झांसी के वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप जैन आदित्य का पकौड़े तलने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि प्रदीप जैन आदित्य कड़ाही में पकौड़ा तल रहे हैं और उनके समर्थक आसपास खड़े होकर उत्सुकता के साथ इस नजरे को देख रहे हैं। इनमें से कई लोग वीडियो भी रिकॉर्ड करते दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस नेता के पकौड़े तलने के वायरल हो रहे इस वीडियो की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।

बताया जा रहा है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य नए साल के मौके पर झांसी शहर में स्थित गुसाईंपुरा में पंचमुखी महादेव मंदिर में प्रसाद बनाने पहुंचे थे। इस मंदिर पर नए वर्ष के अवसर पर गुरुवार को कार्यक्रम रखा गया था। पूर्व मंत्री के साथ स्थानीय लोग और उनके समर्थक भी मंदिर पहुंचे थे। मंदिर पहुंचकर पूर्व मंत्री ने दर्शन किए और इसके बाद पकौड़े बनाने बैठ गए। इस दौरान पूर्व मंत्री ने कड़ाही में पकौड़े डालकर तले जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में पूर्व मंत्री आसपास खड़े लोगों से बातचीत करते और भोलेनाथ की जयकार करते भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पूर्व मंत्री मुस्कुराते हुए यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि उन्होंने एक बार घर पर भी पकौड़े बनाए हैं।

बता दें, प्रदीप जैन आदित्य झांसी सदर सीट से दो बार विधायक और झांसी लोकसभा सीट से एक बार सांसद रहने के साथ ही केंद्र की यूपीए-2 सरकार में ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रह चुके हैं। वे अक्सर लोगों से संवाद करने के लिए ऐसे रोचक तरीके अपनाने के लिए चर्चा में रहते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights