किशोरी से गैंगरेप के बाद हत्या कर शव को जला देने के मामले को लेकर लोगों में उबाल आ गया है। भाजपा व गुर्जर समाज की अगुवाई में शुक्रवार को सैंकड़ों लोगाें ने कोटड़ी थाने को घेरते हुए आंदोलन शुरू कर दिया। देर रात तक हजारों लोग कोटड़ी थाने के बाहर धरने पर बैठे रहे। धरने पर बैठे लोग पीडि़त परिवार को एक करोड़ मुआवजा व एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और कलक्टर और पुलिस अधीक्षक के निलंबित करने की मांग पर अड़े हैं। क्षेत्र के लोगों ने 5 अगस्त शनिवार को कोटड़ी, शाहपुरा और जहाजपुर बंद का ऐलान किया है। गुर्जर समाज के लोग शाम को थाना परिसर में पडाव डालकर अनिश्चिकालीन धरने पर बैठ गए। वहीं मांगों को लेकर राजस्थान भर से गुर्जर समाज के आला नेता व पदाधिकारियों का कोटडी पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय तीर्थस्थल सवाईभोज के महंत सुरेश दास, देवनारायण जन्मस्थली मालासेरी के पुजारी हेमराज पोसवाल, भाजपा प्रदेश स्तरीय कमेटी सदस्य अतरसिंह भडाणा, विधायक गोपीचंद मीणा, गोपाल खंडेलवाल, विट्ठलशंकर अवस्थी, उपजिला प्रमुख शंकरलाल गुर्जर, पूर्व जिला प्रमुख शक्तिसिंह हाडा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली, पूर्व मुख्य सचेतक कालू लाल गुर्जर, प्रधान करणसिंह बेलवा, पूर्व चेयरमैन गुलाबपुरा धनराज गुर्जर की अगुवाई में सैकड़ों की संख्या में लोग कोटड़ी थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। महंत और समाज के आह्वान पर राजस्थान के कई जिलों से गुर्जर समाज के पदाधिकारी भीलवाड़ा के लिए रवाना हो गए। उधर, शाहपुरा, जहाजपुर और कोटड़ी बंद को देखते हुए सामाजिक व व्यापारी संगठनों और जनता ने समर्थन दिया है।
