उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को गौतम बुद्ध नगर जिले के अधिकारियों को शांति व सुरक्षा बनाए रखने और सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सेक्टर 38 में जिला प्रशासन, पुलिस और विकास प्राधिकरणों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान जनता की शिकायतों के शीघ्र समाधान और परियोजनाओं के कार्यान्वयन में पारदर्शिता पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार सुबह सेक्टर 29 में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नोएडा आए थे, जिसके बाद उन्होंने समीक्षा बैठक की। बयान के अनुसार, उन्होंने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अंतर्गत सेक्टर 28 (ई-01) में 48 एकड़ भूमि पर ‘फॉक्सकॉन’ (होन हाई प्रेसिजन इंडस्ट्री कंपनी लिमिटेड) द्वारा लगभग 4,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से स्थापित किए जा रहे राज्य के पहले सेमीकंडक्टर पार्क की प्रस्तावित विकास योजना की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आधुनिक तकनीक व वैश्विक मानकों का उपयोग करते हुए परियोजना को विकसित करने का निर्देश दिया ताकि और अधिक निवेश आकर्षित किया जा सके तथा राज्य में रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जा सके। बयान के मुताबिक, सेमीकंडक्टर पार्क से लगभग 3,000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights