निर्दयी युवक की क्रूरता से थम गई बेजुबान की सांसें
–कुत्ते को पटक-पटक कर मार डाला, पशु प्रेमियों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
मुजफ्फरनगर। इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना थाना चरथावल क्षेत्र में सामने आई है, जहां एक निर्दयी युवक ने अपनी क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए एक बेजुबान कुत्ते को बेरहमी से पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया। इस अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और पशु प्रेमियों का दिल दहल उठा।
बताया जा रहा है कि आरोपी पंकज पाल ने बेजुबान कुत्ते को इतनी बेरहमी से जमीन पर पटका कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मासूम जानवर तड़पता रहा, लेकिन क्रूरता के आगे उसकी एक न चली और आखिरकार उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बेजुबान की दर्दभरी तड़प और उसकी असहायता का दृश्य जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही थाना चरथावल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए मृत कुत्ते का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में बेजुबान जीव का अंतिम संस्कार भी कराया गया। पुलिस ने आरोपी पंकज पाल के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हृदय विदारक घटना ने पशु प्रेमियों को झकझोर कर रख दिया। अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद लोगों की आंखों में आंसू थे और दिल में उस बेजुबान के लिए दर्द। पशु प्रेमियों ने कहा कि जिस समाज में बेजुबान जानवरों के साथ ऐसी क्रूरता होगी, वहां इंसानियत भी शर्मिंदा होगी।
बेजुबान जीव को अंतिम विदाई देने के लिए पशु प्रेमी सनी पंजाबी, गौ सेवक निशु, विनय त्यागी, गौ सेवक नवीन प्रणामी, खुशी सैनी और चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से उस मासूम जीव को श्रद्धांजलि दी और ईश्वर से उसकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
पशु प्रेमियों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे निर्दयी लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई भी बेजुबान जीव इस तरह की क्रूरता का शिकार न बने। उन्होंने कहा कि बेजुबान जानवर बोल नहीं सकते, लेकिन उनका दर्द भी उतना ही सच्चा होता है जितना किसी इंसान का।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights