लखनऊ: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को कुछ ही दिन बाकी है। ऐसे में सत्तारुढ़ भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। कई बड़े दिग्गज प्रदेश के दौरे कर रहे हैं और जनता को साधने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ प्रदेश में जनसभाएं कर रहे हैं। पन्ना के साथ साथ निवाड़ी में सीएम योगी ने कांग्रेस को निशाने पर लिया और भाजपा को वोट देने की अपील की।
पन्ना के अजयगढ़ में सीएम योगी की विशाल आम सभा हुई जहां पर उन्होंने अपने अंदाज में कांग्रेस को आड़ों हाथ लिया। अजयगढ़ में हजारों की भीड़ को संबोधित करते कहा कि राहुल गांधी केदारनाथ की यात्रा कर रहे हैं अब राहुल गांधी को केदारनाथ धाम की याद आ रही है। जब कांग्रेस की सरकार थी उस वक्त केदार नाथ में आई त्रासदी में कांग्रेस को केदारनाथ की याद नहीं आई। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री बनते ही केदारनाथ का काया कल्प कराया। सीएम योगी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यह वही लोग है जो भगवान राम का विरोध करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि एक दीपक दिवाली के पहले भगवान राम के भव्य मंदिर के नाम का जलाना और एक दीपक कांग्रेस से मुक्ति के लिए जलाना। 12 नवंबर को दीपावली है 17 नवंबर को मतदान जिसमें कांग्रेस की विदाई के साथ भाजपा के विजयी का बटन दबाना है। वही उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पन्ना विधान सभा से प्रत्याशी ब्रजेंद्र प्रताप सिंह को विजयी बनाने की अजयगढ़ क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की है।
निवाड़ी जिले में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि राहुल गांधी चुनाव से पहले ही कह चुके हैं कि चुनावी राज्यों में उनकी सरकार नहीं आने वाली है। इसलिए वे धाम दर्शन करने चले गए हैं। कांग्रेस पार्टी जब सत्ता में थी तब ये धाम प्राकृतिक आपदा से उजड़ गये थे जिन्हें कांग्रेस ने नहीं मोदी और मोदी सरकार ने फिर से बसाने का काम किया है। कांग्रेस ने तो सिर्फ उजाड़ने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी पर योगी ने तीखे हमले करते हुए कांग्रेस को खुद एक समस्या का नाम बताया। कांग्रेस ने देश में आतंकवाद, नक्सलवाद, उग्रवाद, भ्रष्टाचार व विकास के कार्यों में वेरियर का काम किया। इसके साथ ही उन्होंने जहां कांग्रेस को एक समस्या बताया तो वही भाजपा का समाधान का नाम दिया।
वहीं उन्होंने राम मंदिर नहीं बनने देने का आरोप कांग्रेस पार्टी पर लगाते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने राम मंदिर निर्माण कर दिया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को 20 वर्षों में कायाकल्प कर बीमारू राज्य से विकसित राज्य बना दिया है। ये मूमेंटम बना रहना चाहिए डबल इंजन सरकार ने हर घर में शौचालय गरीब को राशन व स्वास्थ्य बीमा जैसी अनेकों योजनाओं की सौगात दी। ये कार्य कांग्रेस भी कर सकती थी लेकिन नहीं किया। भाजपा ने करके दिखा दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र के पृथ्वीपुर कस्बे में भाजपा प्रत्याशी डॉ. शिशुपाल यादव के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे।