दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। न्यू विक्टोरिया होटल में शनिवार तड़के एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतक महिला की पहचान 24 वर्षीय कीर्ति शर्मा के रूप में हुई है। वह उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर की रहने वाली थी। हत्या का आरोप मथुरा के सराय अजमाबाद के रहने वाले उसके पति गोपाल शर्मा (24 वर्ष) पर लगा है।

बताया जा रहा है कि गोपाल और कीर्ति 20 जून की शाम 6:35 बजे पति-पत्नी बनकर होटल में चेक-इन किए थे। रात लगभग 9 बजे गोपाल बाहर खाने का बहाना बनाकर होटल से निकला और वापस नहीं लौटा। अगले दिन तड़के 2:45 बजे यूपी के मथुरा हाईवे थाने से होटल मैनेजर प्रेम कुमार को एक कॉल आया।

मथुरा से किया होटल मैनेजर को फोन

आरोपी ने पुलिस को हत्या के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने फौरन होटल मैनेजर को फोन किया। होटल में एक महिला की हत्या की सूचना दी गई और तुरंत कमरे की जांच करने को कहा गया। होटल मैनेजर ने जब कमरे की जांच की, तो कीर्ति शर्मा मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी मिली। उसने तुरंत मामले को लेकर पहाड़गंज थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।

मथुरा पुलिस ने दिल्ली पुलिस के किया हवाले

इसी दौरान पता चला कि आरोपी गोपाल शर्मा ने मथुरा पहुंचकर खुद 112 नंबर पर कॉल कर अपनी पत्नी की हत्या की बात कबूल की और सरेंडर कर दिया। उसे हाईवे पुलिस स्टेशन मथुरा ने हिरासत में लेकर बाद में दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में गोपाल ने बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध था। इसी शक के चलते उसने गुस्से में आकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights