उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में आज यानी शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रॉली में सवार 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 के करीब लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मैनपुरी के भोगांव में हुआ। बताया जा रहा है कि कन्नौज के थाना छिबरामऊ क्षेत्र में स्थित गांव कुंवरपुर निवासी वीरेंद्र सिंह की पुत्री की थाना बिछवां के गांव बेलधारा में शादी हुई है। उनकी पुत्री ने 10 दिन पहले पुत्र को जन्म दिया था। शुक्रवार को उसका नामकरण संस्कार था। वीरेंद्र सिंह अपने परिवारीजनों के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली से गांव बेलधारा गए थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर वापस घर लौट रहे थे। भोगांव क्षेत्र में द्वारकापुर के पास ट्रैक्टर की लाइट खराब हो गई। जिसके बाद चालक ने ट्रैक्टर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और लाइट की मरम्मत करने लगा। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रॉली में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में ट्रॉली में बैठी फूलमती पत्नी अवधेश, रमाकांति पत्नी दफेदार, संजय देवी पत्नी राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 24 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां द्रोपदी देवी पत्नी विशुन दयाल ने भी दम तोड़ दिया। सभी मृतक और घायल गांव कुंवरपुर छिबरामऊ के निवासी हैं। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights