कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटर सवार दंपति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शनिवार रात करीब 11 बजे रिचमंड सर्कल इलाके में हुआ, जब एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने लाल सिग्नल तोड़ते हुए कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी।

कैसे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस पहले तीन बाइकों से टकराई और फिर एक स्कूटर को कुछ मीटर तक घसीटते हुए पास की पुलिस चौकी से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटर पर सवार इस्माइल (40) और उनकी पत्नी समीना बनू की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

लोगों ने खुद बचाव कार्य शुरू किया
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने मिलकर एंबुलेंस को उठाने की कोशिश की ताकि दंपति को नीचे से निकाला जा सके। इसी दौरान घटनास्थल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें क्षतिग्रस्त बाइकें और टकराई हुई पुलिस चौकी साफ दिखाई दे रही है। घटना की जानकारी मिलते ही विलसन गार्डन ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने निरीक्षण करने के बाद एंबुलेंस चालक अशोक को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों में रोष
इलाके के लोगों ने हादसे पर आक्रोश जताते हुए कहा कि एंबुलेंस चालक को स्पीड लिमिट में वाहन चलाना चाहिए था। एक लापरवाही ने दो लोगों की जान ले ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर चालक ने गति नियंत्रित रखी होती तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights