हापुड़ में एक होटल पर उस वक्त कोहराम मच गया जब खाना खाने रुके एक युवक ने अचानक टेबल से उठकर ढाबे पर रखा चिकन काटने वाला चाकू उठाया और अपना गला रेत लिया. जिसके बाद वो लहूलुहान होकर ज़मीन पर गिर गया और दर्द से बुरी तरह तड़पने लगा. ये देखकर होटल पर खाना खा रहे लोग भी खौफ में आ गए. ये पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई.
खबर के मुताबिक बरेली का रहने वाला सलमान नाम का युवक अर्टिगा कार से दिल्ली से बरेली की ओर जा रहा था. इसी दौरान वो गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एनएच 9 हाईवे पर प्रधान नाम के एक नॉनवेज होटल में रुका था. इसी बीच वो अचानक टेबल से उठा और ढाबे के काउंटर पर रखे चिकन काटने वाले चाकू को उठा लिया.
युवक ने चिकन काटने के चाकू से रेता गला
इससे पहले कि कोई ये समझ पाता कि चाकू से वो क्या करेगा, उसने चाकू से अपना ही गला रेत लिया और उसकी गर्दन से खून निकलने लगा. जिससे युवक बुरी तरह लहूलुहान हो गया और दर्द से तड़पने लगा. ये देखकर होटल पर खाना खा रहे लोगों के होश उड़ गए और अफरा-तफरी का माहौल हो गया.
आनन-फानन में सलमान को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. लेकिन तब तक देर हो गई थी, उसकी गर्दन से बहुत ज्यादा ख़ून निकल चुका था और उसकी मौत हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. ये पूरी घटना होटल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें पूरी घटना को देखा जा सकता है.
होटल के सीसीटीवी में क़ैद हुई पूरी घटना
सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि युवक टेबल से चिकन का ऑर्डर देने के बाद अचानक से उठा और उसने वहां रखे चाकू को उठा लिया और देखते ही देखते अपना गला रेत दिया. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. युवक के द्वारा अपना गला किस वजह से रेता गया, इसकी जांच पड़ताल में पुलिस जुट गई है.
पुलिस ने मृतक के परिवार को जानकारी दे दी है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
