उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां पर ईंट लदे ट्रैक्टर ने एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार नाना और नाती की मौत हो गई। वहीं, दो लोग घायल हो गए। इसी तरह एक अन्य सड़क हादसे में कोचिंग पढ़ने जा रहे साइकिल सवार एक प्रतियोगी छात्र को वाहन ने रौंद दिया। हादसों की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, सोरांव थाना क्षेत्र के ही अकबरपुर सरायदीना में एक हादसा हो गया। नूरपुर गांव निवासी राकेश कुमार (55) अपनी बेटी आरती और उसके दो बच्चों अमन (4) और अर्पिता (2) को बाइक पर बैठाकर बेटी को उसके ससुराल सुजनीपुर पहुंचाने जा रहा था। अकबरपुर सरायदीना गांव में ईंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में राकेश कुमार और उसके नाती अमन कुमार की मौत हो गई। आरती और उसकी बेटी अर्पिता गंभीर रूप से हो गई। लोगों ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।

दूसरी घटना सोरांव थाना क्षेत्र में हुई। यहां पर पूरनपुर निवासी संजय कुमार पटेल (17) पुत्र राकेश कुमार स्नातक की पढ़ाई करने के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। वह रोज की तरह शुक्रवार को भी सुबह साइकिल से कोचिंग सेंटर जा रहा था। सोरांव के मेवालाल इंटरमीडिएट कॉलेज के निकट प्रयागराज-प्रतापगढ़ हाईवे पर प्रतापगढ़ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने छात्र की साइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में संजय कुमार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights