कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मणिपुर हिंसा और महिलाओं के साथ हुई वीभत्स घटना को लेकर एक बार फिर मोदी सरकार को घेरा है। कांग्रेस नेता ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता के लोभ में महिला सम्मान और देश के आत्मसम्मान के साथ खिलवाड़ कर रही है।

राहुल गांधी ने एक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से मणिपुर की घटना और महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुछ अन्य मामलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ‘‘जो देश अपनी महिलाओं का सम्मान नहीं करता वो कभी आगे नहीं बढ़ सकता।” कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ‘‘सत्ता के लोभ में भाजपा महिला सम्मान और देश के आत्मसम्मान, दोनों के साथ खिलवाड़ कर रही है।”

केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया कि उसने हिंसाग्रस्त मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र किए जाने संबंधी घटना की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी है। सरकार का रुख ‘‘महिलाओं के खिलाफ किसी भी अपराध को बिल्कुल बर्दाश्त न करने का” है। गृह मंत्रालय ने अपने सचिव अजय कुमार भल्ला के जरिए दाखिल हलफनामे में शीर्ष न्यायालय से इस मामले की सुनवाई मणिपुर से बाहर स्थानांतरित करने का भी अनुरोध किया ताकि मुकदमे की सुनवाई समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में चार मई को दो महिलाओं को भीड़ द्वारा निर्वस्त्र कर उन्हें घुमाए जाने की घटना का पता 19 जुलाई को सामने आए एक वीडियो के जरिए चला। शीर्ष न्यायालय ने 20 जुलाई को घटना पर संज्ञान लिया था और कहा था कि वह वीडियो से ‘‘बहुत व्यथित” है और हिंसा को अंजाम देने के हथियार के रूप में महिलाओं का इस्तेमाल ‘‘किसी भी संवैधानिक लोकतंत्र में पूरी तरह अस्वीकार्य है।” प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने केंद्र तथा मणिपुर सरकार को तत्काल उपचारात्मक तथा एहतियाती कदम उठाने तथा उन कदमों की जानकारी उसे देने का निर्देश दिया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights