उत्तर प्रदेश में बलरामपुर जिले के गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक डॉ शिव प्रताप यादव (74) का शुक्रवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। शिव प्रताप यादव सपा सरकार में 2 बार मंत्री रह चुके थे। उनके निधन पर उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शोक जताया है।

पारिवारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि डॉ यादव ने शुक्रवार को सुबह करीब सवा आठ बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। 74 वर्षीय यादव पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और उन्हें गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लोकदल से अपना राजनीतिक जीवन शुरू करने वाले डॉ यादव गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक तथा समाजवादी पार्टी की सरकार में दो बार मंत्री रह चुके थे। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को उनके पैतृक शहर बलरामपुर में होगा। अंतिम दर्शन के लिए डॉ यादव का शव बलरामपुर लाया जा रहा है।

वहीं, सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया “बलरामपुर की गैंसड़ी विधानसभा सीट से सपा विधायक डॉ. शिव प्रताप यादव का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना। भावभीनी श्रद्धांजलि!”

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights