एक गाय को ट्रैक्टर से बांधकर गौशाला में घसीटे जाने का वीडियो वायरल होने के बाद संभल जिले के कैला देवी थाना क्षेत्र स्थित सिंघावली गांव ग्राम में प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

क्षेत्राधिकारी (संभल) अनुज कुमार ने बताया कि कैला देवी थाना क्षेत्र के सिंघावली ग्राम पंचायत सचिव ने शनिवार को मुकदमा दर्ज कराया और आरोप लगाया कि गांव की गौशाला में एक गाय के पैरों को ट्रैक्टर से बांध कर उसे घसीटा गया।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में ग्राम प्रधान ओमवती, उनके पति रूप किशोर, केयर टेकर कालू और ट्रैक्टर चालक नेम सिंह के खिलाफ पशुओं के प्रति क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी गोरख नाथ भट्ट ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बताया कि जिला अधिकारी ने जानकारी मिलने पर मामले का तुरंत संज्ञान लिया गया और ग्राम प्रधान सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।

उन्होंने बताया कि इस मामले में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से जांच कराए जाने पर पाया गया कि गाय बीमार थी और भारी थी तथा उसे इलाज के लिए ले जाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि गाय को इलाज के लिए अन्य तरीके से भी ले जाया जा सकता था। उक्त मामले में जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights