सुरक्षा बलों ने उत्तरी कश्मीर के सीमावर्ती जिला कुपवाड़ा में हथियारों एवं विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया है। आधिकारिक रूप से मिली जानकारी के अनुसार जिले के सोगाम थाना क्षेत्राधिकार के तहत पुतुसाई क्षेत्र में सेना की 47 एवं 8 राष्ट्रीय राइफल्स (आर.आर.) तथा सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) की 31वीं वाहिनी द्वारा चलाए गए एक संयुक्त घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (कॉसो) के दौरान भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद बरामद किया गया।
बरामद किए गए हथियारों में 7.62 एम.एम. के 34 राऊंड, 9 एम.एम. के 18 राऊंड, एक पिस्तौल मैगजीन, एक पाकिस्तान निर्मित ग्रेनेड, 4 चाइनीज ग्रेनेड एवं एक विस्फोटक पाऊच शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि यह बरामदगी इलाके में हथियार जमा करने के कुत्सित प्रयासों का एक सीधा संकेत है जिनका इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों के लिए किया जा सकता था। उन्होंने बताया कि बरामद हथियारों के स्रोत का पता लगाने और हथियारों को छिपाने में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
