संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम – SKM) को दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 मार्च को रैली करने की अनुमति मिल गई है। पुलिस ने सोमवार को किसान नेताओं के साथ बैठक में उन्हें किसानों की संख्या पांच हजार तक सीमित रखने के लिए कहा है।

किसान नेताओं ने पुलिस को किसानों की संख्या सीमित रखने का आश्वासन दिया है लेकिन यह भी कहा है कि इस रैली में मजदूर भी शामिल हो रहे हैं इसलिए संख्या लगभग 20 हजार हो सकती है। रैली दिन में 11 बजे से ढाई-तीन बजे तक होगी।

किसान नेताओं ने कहा है कि उनकी कोशिश रहेगी कि इस रैली की वजह से ट्राफिक अधिक बाधित न हो। रैली का प्रमुख विषय किसानों के लिए एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) की कानूनी गारंटी और ट्रेड यूनियन के लिए लेबर कोड की वापसी और पुरानी पेंशन है।

लोकसभा चुनाव करीब है, इसलिए जब तक चुनाव चलेगा किसान आंदोलन से जुड़ी गतिविधियां नहीं होंगी, इसीलिए रैली के माध्यम से यह संदेश भी दिया जाएगा कि आगे आंदोलन कैसे चलेगा।

एसकेएम के प्रमुख किसान नेता हनान मुल्ला ने बताया कि रैली में पूरे भारत के किसानों और मजदूरों का प्रतिनिधित्व अवश्य होगा लेकिन पुलिस के आग्रह पर इस रैली में उनकी संख्या को सीमित रखने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दूर के राज्यों से जो किसान रैली में शामिल होने हैं, उन्हें कहा जाएगा कि वह या तो अपनी यात्रा स्थगित कर दें या सांकेतिक रूप से ही इसमें शामिल हों। रैली के बारे में संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं की सोमवार की शाम को एक महत्वपूर्ण बैठक ऑनलाइन होनी है, इसमें कई विषयों पर चर्चा होनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights