राजस्थान के अजमेर जिले में स्थित किशनगढ़ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति की हत्या की साजिश उसके ही परिवार वालों ने रची, जिसका खुलासा पुलिस की जांच में हुआ है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहली पत्नी, उसकी बेटी और नाबालिग बेटे ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी. यह मामला किशनगढ़ के बोराडा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने जांच में चर्चित पूर्व सरपंच एवं कांग्रेस नेता रामसिंह की हत्या को लेकर बड़ा खुलासा किया है.

पुलिस ने बताया कि कैसे रामसिंह की पहले धारदार हथियार से हत्या की गई और फिर किसी को शक न हो इसके लिए गाड़ी में शव को रखकर उसे आग के हवाले कर दिया गया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहली पत्नी सुनीता, नाबालिग बेटे और बेटी सरिता ने मिलकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था.

कैसे दिया गया हत्या को अंजाम

बताया जा रहा है कि रामसिंह के साथ रहने वाली पहली पत्नी सुनीता से उनका लंबे समय से विवाद चल रहा था. किसी को क्या पता था कि यह विवाद उनकी हत्या से खत्म होगा. इसी रंजिश के चलते पत्नि ने धारदार हथियार से हत्या कर शव को कार में रखा और सबूत मिटाने के लिए कुछ ही दूरी पर गाड़ी में आग लगा दी गई. इस काम में उसके बच्चों ने भी साथ दिया. पति-पत्नि का विवाद ही इस हत्या की बड़ी वजह बन गया.

अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस की विशेष टीमों ने कुछ ही घंटों में पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठा दिया है. फिलहाल पुलिस अधिकारी एसपी के निर्देशन में पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही प्रेस नोट जारी कर हत्याकांड की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights