उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से आत्मा को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के निवासी एक युवक की मुंबई के नाला सोपारा में उसकी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी। फिर शव के तीन टुकड़े कर घर के अंदर दफना दिया और ऊपर टाइल्स लगवा दी। इतना ही नहीं महिला कमरे में ही बेड पर आराम से सोती रही। वारदात के कुछ दिन बाद ही महिला प्रेमी संग फरार हो गई। मंगलवार को घटना की जानकारी बक्शा थाना क्षेत्र के अभयचंद पट्टी गांव में परिजनों को हुई तो घर में कोहराम मच गया।

शादी के बाद मुंबई में रहता था दंपत्ति, महिला ने बेटे को दिया जन्म 
बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि अभयचंद पट्टी गांव के रहने वाले विजय चौहान की शादी सात साल पहले जफराबाद के हौज की रहने वाली चमन चौहान से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही चमन पति विजय के साथ मुंबई चली गई थी। मुंबई के नाला सोपारा इलाके में किराए पर कमरा लेकर दंपत्ति रहता था। जहां उसने एक बेटे को जन्म दिया, जोकि अब 5 साल का हो गया है। 

पति कर रहा था ओवर टाइम, पत्नी प्रेमी संग कर रही थी नैन मटक्का 
दंपत्ति के घर के सामने बिहार निवासी मोनू प्रजापति रहता था। चमन का पति विजय ड्यूटी के दौरान ओवर टाइम भी करता था। इसी दौरान चमन को मोनू प्रजापति से प्यार हो गया। पति-पत्नी के बीच किसी दिन जमकर विवाद हुआ तो प्रेमी मोनू और चमन ने मिलकर विजय को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। मौका देखकर पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर एक दिन विजय को तीन टुकड़ों में काट डाला। फिर कमरे में ही दफन कर ऊपर से टाइल्स लगा दी। इतना ही नहीं उसी टाइल्स के ऊपर बेड रख चमन और उसका प्रेमी मोनू 20 दिन तक सोते रहे।

मुंबई में रह रहे विजय के छोटे भाई ने खोला राज 
मुंबई में ही दूसरी जगह विजय का छोटा भाई अखिलेश चौहान रह रहा था। भाई के न मिलने पर उसने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान चमन अपने प्रेमी मोनू और बेटे के साथ फरार हो गई। भाई को भाभी की हरकत कुछ संदिग्ध लगी तो वह सोमवार को रूम पर पहुंच गया। रूम की हालत देख उसे शक हुआ तो वहां लगे टाइल्स को उसने हटाया, जिसपर उसने देखा कि भाई का शव तीन टुकड़ों में दफन था। घटना की सूचना पर पहुंची मुंबई पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

15 दिन पहले का लग रहा है शव 
बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि विजय का शव करीब 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। परिजन मामले की सूचना लेकर थाना पर आए थे, उन्हें बता दिया गया है कि जिस जगह घटना हुई है, वहीं पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights