उत्तर प्रदेश के बलिया में जुकाम के इलाज के लिए इंजेक्शन लगाने के बाद लापरवाही से बच्चे की मौत के मामले में एक चिकित्सक को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने कहा कि डॉ. फिरोज को मनियार इलाके से गिरफ्तार किया गया और लड़के की मां की शिकायत के आधार पर गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाया गया है।

शिकायत के मुताबिक, महिला अपने बेटे अनिल रावत को जुकाम होने पर मंगलवार शाम इलाज के लिए मनियर सदर बाजार इलाके में चिकित्सक के पास ले गई। वीर ने कहा कि डॉ. फिरोज ने रावत को एक इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद लड़के के मुंह से झाग निकलने लगा और उसका रंग पीला पड़ गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि मां अपने बेटे को मनियार सरकारी अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वीर ने बताया कि पुलिस ने चिकित्सक के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 (लापरवाही के कारण मौत) और भारतीय चिकित्सा परिषद अधिनियम, 1956 की धारा 15(3) के तहत मामला दर्ज किया है।

उन्होंने कहा, बुधवार दोपहर को, पुलिस ने मनियार पावर हाउस के पास डॉ. फिरोज को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान, उन्होंने उनके बयान के आधार पर एक सुई के साथ एक सिरिंज और मोनोसेफ 500 मिलीग्राम की एक खाली शीशी बरामद की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights