आम आदमी पार्टी ने गाजियाबाद महापौर के लिए जानकी जगत बिष्ट को कैंडिडेट बनाया है। आप के जिला प्रभारी नितिन त्यागी ने गाजियाबाद में इस की घोषणा की। जानकी के पति जगत बिष्ट लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति कर रहे हैं। लेकिन आज उन्होंने पत्नी के साथ आप ज्वाइन कर ली। आम आदमी पार्टी ने लोनी नगर पालिका के लिए भी अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। अनीता कसाना लोनी से आप की प्रत्याशी होंगी। इनके पति रविंद्र कसाना लंबे समय से लोनी सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। खोड़ा नगरपालिका से सीमा मावी उम्मीदवार होंगी।
डासना से शहनाज सैफी और पतला नगर पंचायत से परमीत देवी को प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा मेरठ में स्थानीय नगर निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी की ओर से महापौर प्रत्याशी ऋचा सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने कहा कि मेरठ का विकास दिल्ली की तर्ज पर करेंगी। मूल रूप से रोहटा क्षेत्र के ग्राम रजा की रहने वाली चौधरी ऋचा सिंह को आम आदमी पार्टी ने महापौर पद के लिए प्रत्याशी बनाया है। ऋचा सिंह समाज सेविका हैं और पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। उनकी ससुराल पल्लपुरम स्थित फैज-दो में है, जबकि मायका गंगानगर स्थित राधा गार्डन में है। बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी का मुख्य मुद्दा हाउस टैक्स आधा, वाटर टैक्स माफ होगा। साथ ही दिल्ली की तर्ज पर शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और सीसीटीवी कैमरा पर फोकस रहेगा।
गाजियाबाद जिले के सभी 9 नगर निकायों के लिए कार्यक्रम है। जिले में 11 मई को मतदान होगा और 13 मई को वोटिंग के नतीजे आएंगे। गाजियाबाद में नगर निगम के अलावा चार नगर पालिका और चार नगर पंचायत है। यहां पर दूसरे चरण में चुनाव होगा और 13 मई को मतगणना होगी।