उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सरयू नदी पर एक और सेतु बनने जा रहा है। लगभग 273 करोड़ रुपये की लागत से 1 किलोमीटर लंबा और 10 मीटर चौड़ा यह नया पुल बनाया जाएगा। यह सेतु लता मंगेशकर चौक से सीधे नया घाट और कटरा को जोड़ेगा और पुराने पुल के समानांतर बनेगा।

अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि हाल ही में हुई विधायक दल की बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने इस परियोजना का प्रस्ताव रखा था, जिसे सीएम ने तुरंत मंजूरी दे दी। उन्होंने यह भी बताया कि गोंडा को जोड़ने वाले पुराने सेतु की मरम्मत का काम भी स्वीकृत कर लिया गया है। वर्तमान समय में सरयू नदी पर दो सड़क पुल और एक रेलवे पुल मौजूद हैं, लेकिन जर्जर हो चुके पुराने पुल पर यातायात का दबाव बढ़ता जा रहा है। नए पुल के निर्माण से गोंडा और अयोध्या के बीच आवाजाही और सुगम हो जाएगी तथा पुराने पुल पर भारी वाहनों का दबाव भी कम होगा।

परियोजना को स्वीकृति मिली

सेतु निगम के उप प्रबंधक रोहित अग्रवाल ने बताया कि परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और अब अन्य औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। बताते चलें कि राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक यातायात व्यवस्था की दिशा में यह सेतु अयोध्या की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights