कन्नौज में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कन्नौज रेलवे स्टेशन को गोरखपुर रेलवे स्टेशन की तर्ज पर विकसित करने की सरकार की योजना को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसा है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से तंज कसते हुए कहा कि अयोध्या में जो रेलवे स्टेशन बनाया गया, वह भाजपा के‘भ्रष्ट मॉडल’का उदाहरण है।

रविवार को अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को चाहिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि बनते ही गिर जाने वाली पानी की टंकी थोड़ी दूर बनाई जाए, छत ऐसी हो कि नीचे खड़े लोगों को छतरी न लगानी पड़े और एप्रोच रोड की परत न उखड़े। उन्होंने यह भी कहा कि लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए जाएं तो वे सही तरीके से काम भी करें।

सपा अध्यक्ष ने कमीशनखोरी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता होनी चाहिए और यात्रियों के लिए वेटिंग एरिया वास्तव में सुविधाजनक बनाया जाए, क्योंकि कई बार ट्रेनों में लंबी देरी होती है। उन्होंने पाकिर्ंग व्यवस्था और शौचालयों की स्थिति सुधारने की भी मांग की। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि ठेकेदार स्थानीय होना चाहिए, ताकि जिम्मेदारी तय की जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

गौरतलब है कि अयोध्या रेलवे स्टेशन परिसर में एक दीवार गिरने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे थे। जिसको लेकर प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की फैक्ट चेक इकाई ने नव-उद्घाटित अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर चारदीवारी गिरने की सोशल मीडिया पर चल रही खबरों का खंडन किया था। पीआईबी के अनुसार, गिरी हुई दीवार नए स्टेशन के ढांचे का हिस्सा नहीं थी, बल्कि पुराने स्टेशन क्षेत्र की थी। पीआईबी ने स्पष्ट किया कि यह दीवार एक निजी व्यक्ति द्वारा की जा रही खुदाई और पास के एक निजी क्षेत्र में जलभराव के कारण गिरी थी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights