उत्तर प्रदेश के अमेठी में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां पर मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र में एक ट्रक और बाइक में भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गयी और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे की वजह से घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार देर शाम को हुआ, जब क्षेत्र के कंजास गांव निवासी रामसमुझ मौर्य (65) व उनके भाई तुंगनाथ मौर्य (60) मुकदमे की पैरवी में अपने वकील के साथ जिला मुख्यालय गौरीगंज गए हुए थे। देर शाम को दोनों अपने वकील सुलतानपुर जिले के इसौली, कारीभीत निवासी पंकज कुमार निवासी के साथ बाइक से घर वापस आ रहे थे। पुलिस ने बताया कि मुसाफिरखाना के नागेसरगंज अंडरपास के पास उनकी बाइक को एक ट्रक ने टक्कर मार दी और चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। ट्रक मुसाफिरखाना से गौरीगंज की तरफ जा रहा था।

इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार तीनों लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामसमुझ व तुंगनाथ को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता पंकज को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुसाफिरखाना के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा सीसीटीवी फुटेज के जरिए ट्रक की तलाश करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights