जनता दल यूनाइटेड (जद यू) के वरिष्ठ नेता के.सी. त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न से सम्मानित करने पर विचार करने का आग्रह किया है। पूर्व सांसद ने प्रधानमंत्री को लिखे एक पत्र में कहा कि समाजवादी आंदोलन के ‘अनमोल रत्न’ नीतीश कुमार सर्वोच्च नागरिक सम्मान के पात्र हैं। 

त्यागी ने कहा, “30 मार्च, 2024 हमारे पूर्वजों को श्रद्धांजलि देने का दिन था। आपके प्रयासों के फलस्वरूप उन्हें सर्वोच्च सम्मान, भारत रत्न से नवाजा गया।” उन्होंने कहा कि दिवंगत चौधरी चरण सिंह और दिवंगत कर्पूरी ठाकुर ने जन कल्याण में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा किसानों व हाशिए पर खड़े समुदायों के सदस्यों को संगठित व सशक्त बनाने के लिए अथक परिश्रम किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 30 मार्च 2024 को पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिंह राव व चौधरी चरण सिंह, कृषि वैज्ञानिक एम.एस. स्वामीनाथन और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को (मरणोपरांत) भारत रत्न से सम्मानित किया था। भारत रत्न, देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। 

त्यागी ने कहा, “आपके (नरेन्द्र मोदी के) प्रयासों से प्रभावित होकर, मैं विनम्रतापूर्वक निवेदन करता हूं कि समाजवादी आंदोलन के अनमोल रत्न नीतीश कुमार भी इस सम्मान के पात्र हैं। कई नायकों को अपने जीवनकाल में यह सम्मान प्राप्त हुआ है।” जद (यू) नेता ने कहा, “लाखों लोगों की ओर से, मैं आशा करता हूं और निवेदन करता हूं कि हमारे प्रिय नेता नीतीश कुमार को यह सम्मान प्रदान किया जाए ताकि इतिहास आपके प्रयासों को याद रखे।” 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights