देश में अगले 24 घंटों के भीतर मौसम में बड़े बदलाव के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस समय देश के उत्तरी हिस्से पर दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी, कोहरा और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। विशेषकर पर्वतीय इलाकों में मौसम अधिक खराब रहने का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है और अगले दो दिनों तक इस क्षेत्र में मौसम खराब बना रहेगा। 9 से 11 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात भी हो सकता है।

20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
आईएमडी के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते कई इलाकों में ठंड का असर बढ़ेगा। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस पूर्वी राजस्थान के सीकर में दर्ज किया गया है।

कहां होगी बारिश और बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार, आज अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में झमाझम बारिश हो सकती है। 9 से 11 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। खास तौर पर 10 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और उससे जुड़े क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा
7 फरवरी को राजधानी दिल्ली में आसमान ज़्यादातर साफ़ रहने का अनुमान है। दिन के समय 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ सतही हवाएं चल सकती हैं, जबकि सुबह के समय हल्की धुंध रहेगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य के करीब रहेगा। 8 फरवरी को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और सुबह के समय धुंध बनी रह सकती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights