चंपावत पहुंची जोरावर ट्रेल बाइक रैली, लोगों ने बरसाए फूल
चंपावत, 9 जून (हि.स.)। भारतीय सेना जनरल जोरावर सिंह की वीरगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 8 जून को बरेली से शुरू की गई जोरावर ट्रेल बाइक रैली सोमवार को चंपावत पहुंची।
जिला मुख्यालय में रैली का फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया। सेना कैंप में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पंचशूल ब्रिगेड के तत्वावधान में आयोजित इस रैली को लेफ्टिनेंट डीजी मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर आगे के गंतव्य के लिए रवाना किया। मिश्रा ने बताया कि यह रैली न केवल जनरल जोरावर सिंह की गौरवगाथा को सम्मान देती है, बल्कि भारतीय सेना की शौर्य परंपरा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रप्रेम को भी प्रकट करती है।
रैली में 24 सेना राइडर्स, 4 महिला राइडर्स और कई स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं। यह यात्रा उत्तराखंड के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थलों — जैसे गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब, काली माता मंदिर, ओम पर्वत, आदि कैलाश, पार्वती कुंड और दुग्तू गांव तक जाएगी।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल बीएस राठैर, एसडीएम अनुराग आर्या, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी उमेद सिंह, कर्नल भवानी दत्त जाशी, डॉ. आनंद गुसाईं, स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
