खतौली। महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के अंतर्गत, रविवार को थानाक्षेत्र खतौली स्थित अहलावत एकेडमी में एक दिवसीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सशक्तिकरण की भावना को बढ़ावा देना रहा। टूर्नामेंट के मुख्य अतिथि एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
टूर्नामेंट कमेटी के सदस्य वेदपाल सिंह, रंजन अहलावत और दयानन्द अहलावत ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर एसएसपी संजय कुमार वर्मा का स्वागत किया। एसएसपी ने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी चार टीमों AGV QUEENS, RUNWAY BLASTERS, BIG BASHERS एवं VICTORIS RIDERS से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

रविवार को हुए रोमांचक मुकाबले में टीम RUNWAY BLASTERS और टीम BIG BASHERS के बीच कड़ा मुकाबला खेला गया, जिसमें बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम BIG BASHERS ने शानदार जीत दर्ज की।
इस दौरान एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत इस प्रकार के खेलकूद और सामाजिक आयोजन महिलाओं को सशक्त बनाने और समाज में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि खेल महिलाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं, साथ ही टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। यह आयोजन महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति पुलिस और समाज की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस दौरान सीओ खतौली राम आशीष यादव, सीओ फुगाना रूपाली राय चौधरी, खतौली कोतवाली प्रभारी दिनेश बघेल,प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह, तथा आयोजकगण सोनू अहलावत, मोनू अहलावत एवं विवेक सरोहा सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
