महिला की ट्रेन से कटकर हुई मौत, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी

जालौन, 12 जून (हि.स.)। कालपी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जोल्हूपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास गुरुवार दोपहर एक महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई और आगे की कार्रवाई शुरू की।

गुरुवार को ग्रामीणों और रेलवे कर्मचारियों ने छौंक गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक महिला का क्षत-विक्षत शव पड़ा होने की सूचना कालपी कोतवाली पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को शव के पास एक बैग मिला, जिसमें आधार कार्ड और कुछ जरूरी कागजात थे। जांच के बाद मृतका की पहचान गीता (45) पत्नी प्रकाश, निवासी ग्राम कुरहना आलमगीर के रूप में हुई।

पुलिस द्वारा जब मृतका के परिजनों को सूचना दी गई तो मृतका के पति प्रकाश ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त अपनी पत्नी के रूप में की। उन्होंने बताया कि गीता बीते कुछ वर्षों से मानसिक रूप से बीमार थी और परिवारजन उसकी देखरेख भी करते थे। गुरुवार सुबह वह अचानक घर से बिना किसी को बताए निकल गई थी। जिसके बाद से परिजन उसे ढूंढ़ रहे थे। लेकिन दोपहर में पुलिस से मिली सूचना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

कोतवाल परमहंस तिवारी ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights