मुजफ्फरनगर। आज चरथावल थाना परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विधवा महिला जहरीला पदार्थ खाकर सीधे थाने पहुंच गयी । महिला ने खुद को जोनिका पत्नी स्वर्गीय अमित निवासी अकबरगढ़ बताया। थाने में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने फौरन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरथावल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, जोनिका की हालत अब खतरे से बाहर है।

जोनिका की बहन सुमन ने बताया कि दोनों बहनों की शादी अकबरगढ़ के एक ही परिवार में हुई थी। पति की मृत्यु के बाद से जोनिका अपने बच्चों समेत मायके में रह रही थी। सुमन का कहना है कि ससुराल पक्ष उन्हें लगातार तंग करता है। आरोप है कि दो दिन पहले जेठ का बेटा अपने साथियों के साथ मायके पहुंचा और जोनिका से मारपीट कर उसके बेटे को जबरन उठा ले गया। इसके बाद से जोनिका बेहद परेशान थी और बुधवार को बेटे को वापस लेने निकली, लेकिन रास्ते में ही फोन पर जेठ के बेटे की धमकियों और बदतमीजी से टूटकर उसने जहर खा लिया।

मायके पक्ष का कहना है कि ससुराल वाले बच्चों की कस्टडी और संपत्ति को लेकर दबाव बना रहे हैं। सुमन ने रोते हुए कहा, “हम दोनों बहनें मायके में रह रही हैं, लेकिन जेठ का लड़का बार-बार आकर तंग करता है। मेरी बहन सिर्फ अपने बेटे के लिए लड़ रही थी, लेकिन ससुराल वालों ने उसे जीने नहीं दिया।” परिवार ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। थाना प्रभारी यशवीर सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपियों से पूछताछ कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

सीओ सदर डॉ. रवि शंकर ने बताया कि महिला के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जिसके चलते वह मायके में रह रही थी। बुधवार को उसकी अपने जेठ के बेटे से फोन पर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया और थाने पहुंच गई। सूचना पर तत्काल उसे अस्पताल भिजवाया गया। सीओ ने कहा कि दोनों बहनों की शादी एक ही परिवार में हुई है, और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। महिला की स्थिति सुधरने के बाद विस्तृत बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights