मुज़फ्फरनगर |जनपद मुजफ्फरनगर में प्रशासन ने बाल श्रम के खिलाफ बड़ा अभियान चलाकर शिक्षा छीनने वालों पर कड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के आदेश और सहायक श्रम आयुक्त देवेश सिंह के निर्देशन में श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुश्री शालू राणा, थाना एएचटी प्रभारी सर्वेश कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।

अभियान के दौरान आठ सेवायोजकों को बाल श्रम कराने पर नोटिस जारी किए गए और उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही अमल में लाई गई।सहायक श्रम आयुक्त देवेश सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी कि 18 वर्ष से कम आयु का कोई भी बच्चा अगर काम करता पाया गया, तो संबंधित सेवायोजक पर बाल श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों का पहला और सबसे अहम अधिकार शिक्षा है, मजदूरी नहीं।संस्था एक्सेस टू जस्टिस – जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन ग्रामीण समाज विकास केंद्र के प्रोजेक्ट लीडर गजेंद्र सिंह ने कहा कि संस्था बाल हित से जुड़े मुद्दों पर हमेशा प्रशासन के साथ खड़ी रही है और आगे भी इस दिशा में काम करती रहेगी।इस अभियान में थाना एएचटी टीम से सब इंस्पेक्टर जगत सिंह, सब इंस्पेक्टर खुशवीर सिंह, हेड कांस्टेबल अमरजीत सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से पैरा लीगल वालंटियर गौरव मालिक सहित कई लोगों का सक्रिय सहयोग रहा।
