wanted-cow-smuggler-arrested

मीरजापुर, 26 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर स्थित राजगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 25 हजार का इनामी वांछित गौ-तस्कर मेहंदी हसन उर्फ लल्लू नट को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक द्वारा घोषित इनामी आरोपित मेहंदी हसन थाना राजगढ़ पर पंजीकृत मु0अ0सं0-30/2026 धारा 3/5ए/8 गौवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम में वांछित चल रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में थाना राजगढ़ व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित संतनगर क्षेत्र से गौवंश की खरीद-फरोख्त कर मोटरसाइकिल से सक्तेशगढ़ की ओर जा रहा है।

तलेर जंगल सेमरी के पास संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मेहंदी हसन के बांए पैर में गोली लगी। उसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है।

प्रभारी निरीक्षक राजगढ़ वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मौके से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल तथा 50,500 नकद बरामद किए गए हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights