मुजफ्फरनगर।जाट इंटर कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम के बाद उस समय हंगामा मच गया, जब राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल की मौजूदगी में कॉलेज शिक्षकों और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामूली कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मंत्री की गाड़ी को बाहर निकालने की व्यवस्था की जा रही थी। इसी दौरान गेट के बाहर RLD नेताओं की एक गाड़ी खड़ी थी, जिससे रास्ता जाम हो गया। शिक्षकों ने कई बार गाड़ी हटाने का अनुरोध किया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ।

प्रधानाचार्य के अनुसार, जब यह बात उठी कि गाड़ी मंत्री की है, तो RLD नेताओं ने नाराज होकर मंत्री के नाम पर ही अपशब्द कहने शुरू कर दिए और शिक्षकों से हाथापाई की।वहीं, विवादित गाड़ी के मालिक अशोक बालियान ने सफाई दी कि उनकी गाड़ी बाहर खड़ी थी और ड्राइवर चाय पीने गया था। जैसे ही सूचना मिली, उसने तुरंत गाड़ी हटा ली। बालियान ने कहा कि पूरा मामला गलतफहमी का नतीजा है और किसी ने जानबूझकर विवाद नहीं बढ़ाया।RLD के जिलाध्यक्ष संदीप मलिक ने सभी आरोपों को निराधार बताया।
उन्होंने कहा कि “कपिल देव अग्रवाल हमारे बड़े भाई जैसे हैं। RLD और BJP का गठबंधन मजबूत है, किसी प्रकार की बदसलूकी नहीं हुई। वायरल वीडियो भ्रामक है और पार्टी किसी भी जांच में सहयोग करेगी।”हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो में RLD नेताओं को मंत्री का नाम लेकर गाली देते और शिक्षकों से धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। कॉलेज प्रशासन ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से करने की बात कही है।बताया जा रहा है कि यह विवाद उस वक्त हुआ जब मंत्री कार्यक्रम से लौटने वाले थे और उनकी गाड़ी को बाहर निकालने में देरी हो गई। थोड़ी देर में मामला गरमा गया, हालांकि मौजूद अन्य नेताओं और पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति संभाल ली।
