नई दिल्ली। देश को नया उपराष्ट्रपति मिल गया है। एनडीए उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन ने विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी को 152 मतों से हराकर यह चुनाव जीत लिया।चुनाव प्रक्रिया में कुल 767 सांसदों ने मतदान किया, जिनमें से 752 मत वैध और 15 मत अवैध घोषित किए गए। नतीजों में राधाकृष्णन को 452 मत मिले, जबकि रेड्डी को 300 मत प्राप्त हुए।यह चुनाव पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद कराया गया था। जीत के बाद राधाकृष्णन अब राज्यसभा की कार्यवाही का संचालन करेंगे और संवैधानिक रूप से देश के दूसरे सर्वोच्च पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस नतीजे ने संसद में एनडीए की पकड़ को और मजबूत किया है। वहीं, इंडिया ब्लॉक के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है।एनडीए खेमे में राधाकृष्णन की जीत पर जश्न का माहौल है, जबकि विपक्षी खेमे ने कहा है कि वे संसद में जनता के मुद्दों को उठाने के लिए और सशक्त रणनीति अपनाएंगे।
