वाराणसी, 1 नवंबर । उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में श्री श्याम मंडल की ओर से निकली 11 दिवसीय निशान शोभा यात्रा के अन्तिम दिन शनिवार को बैंडबाजे के धुन में श्याम नाम की गूंज रही। श्री खाटू श्याम के जन्मोत्सव में मैदागिन स्थित पातालेश्वर मंदिर से श्री श्याम ध्वजा विशाल शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में पूरे राह रथ पर श्याम प्रभु की रंग-बिरंगे फूलों से सजी दिव्य झांकी, बैंड बाजे में श्याम नाम की धुन, भजन लोगों में आकर्षण रहे।

वाहन पर श्रीकृष्ण रूपी प्रभु श्याम की तैलचित्र वाली झांकी सबसे आगे चल रही थी। इसके पीछे मारवाड़ी समाज के लोग, महिलाएं व बच्चे श्याम ध्वजा ले कर चल रहे थे। शोभा यात्रा बुलानाला, चौक, बांसफाटक, गोदौलिया, गिरजाघर होते हुए लक्सा स्थित श्री श्याम मंदिर में जाकर समाप्त हुई। मंदिर में श्याम प्रभु के चरणों में निशान अर्पित कर आरती उतारी गई। इसके बाद भक्तों ने सामूहिक श्याम चालीसा पढ़ा। मंदिर में शाम को आयोजित भजन संध्या में स्थानीय भजन गायक भाग लेंगे। रात में मलाई से बना केक काट कर प्रभु श्याम का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद मंदिर के पुजारी संजय हजारी प्रभु की शयन आरती करेंगे। पूरे कार्यक्रम में दीपक तोदी, पवन कुमार अग्रवाल, सुरेश तुलस्यान, कार्यक्रम संयोजक रवि कानोड़िया, कृष्ण कुमार काबरा, मनोज गाड़ोदिया पवन पांडे, प्रवीण मांखरिया, गणेश लोहिया बंटी, मदन मोहन पोद्दार, राजेश तुलस्यान, विजय अग्रवाल आदि ने भागीदारी की।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights