अमेरिका के डलास में भारतीय मूल के नागरिक की उसकी पत्नी और बच्चे के सामने बेरहमी से हत्या कर दी गई। अमेरिका में अपराध के बढ़ते मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक के बाद एक ऐसी घटनाएं सामने आ रही है, जो अमेरिका की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। बीते दिन ट्रंप के करीबी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं मैरीलैंड में भी फायरिंग की घटना सामने आई।

इस घटना का सीसीटीव फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि सड़क पर एक शख्स का सिर कटकर गिरा हुआ है। वहीं थोड़ी देर में उसके सिर को दूसरा शख्स वहां से उठाकर किनारे पर रख देता है। अमेरिकी पुलिस के अनुसार यह घटना 10 सितंबर को टेक्सास के डलास स्थित डाउनटाउन सूट्स मोटल में हुई, जहां भारतीय मूल के 50 वर्षीय चंद्रमौली नागमल्लैया की पत्नी और पुत्र की मौजूदगी में कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई।

हत्या का आरोपी गिरफ्तार

ये हमला टेक्सास के टेनिसन गोल्फ कोर्स के पास, इंटरस्टेट 30 के नजदीक डाउनटाउन सूट्स मोटल में हुआ। डलास पुलिस ने हत्या के मामले में योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज को संदिग्ध बताया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया। मार्टिनेज पर हत्या का आरोप लगाया गया है। जेल रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर गैर-बॉन्ड गिरफ्तारी का आदेश है और उस पर इमिग्रेशन डिटेनर भी लगाया गया। मृतक की उम्र 50 साल है और आरोपी 37 साल का बताया जा रहा है।

घटना पर भारत ने जताया दुख

ह्यूस्टन में भारत की ओर से इस मामले को लेकर बयान भी जारी किया गया। बयान में कहा गया, “ह्यूस्टन स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास, भारतीय नागरिक चंद्र नागमल्लैया की दुखद मृत्यु पर शोक व्यक्त करता है। उनकी टेक्सास के डलास स्थित कार्यस्थल पर निर्मम हत्या कर दी गई। हम परिवार के संपर्क में हैं और हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। आरोपी डलास पुलिस की हिरासत में है। हम मामले पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं।”

वाशिंग मशीन को लेकर हुई थी बहस

पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच वॉशिंग मशीन को लेकर बहस शुरू हुई और देखते ही देखते बात बढ़ गई। हत्यारे कोबोस-मार्टिनेज ने नागमल्लैया का पीछा किया, उस पर कई वार किए और आखिर में पीड़ित की पत्नी और बेटे के सामने उसका सिर काट दिया।

मोटल के अंदर क्या हुआ?

डलास पुलिस विभाग के अधिकारियों को सुबह करीब साढ़े नौ बजे इमरजेंसी कॉल आए। जब ​​वे वहां पहुंचे, तो उन्होंने नागमल्लैया को मोटल के ग्राउंड फ्लोर के कमरे के बाहर गंभीर रूप से घायल पाया, और घटनास्थल पर खून के निशान दिखाई दे रहे थे। खून से सनी टी-शर्ट पहने हत्यारे को हमले के तुरंत बाद हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों ने बाद में पुष्टि की कि आरोपी ने पीड़ित के सिर को कूड़ेदान में फेंक दिया था।

चंद्रमौली नागमल्लैया कौन थे?

मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले नागमल्लैया डलास में अपने समुदाय में ‘बॉब’ के नाम से जाने जाते थे। रिपोर्टों के अनुसार, वह एक मेहनती प्रबंधक, एक प्यार करने वाले पिता और एक समर्पित पति थे। उन्होंने कई सालों तक डलास मोटल में काम किया था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights