शामली। बुधवार को जनपद प्रभारी मंत्री दिनेश खटीक की मौजूदगी में नगर पालिका परिसर में वार्ड 16 के सभासद और निवासियों ने जोरदार हंगामा किया। उन्होंने नगर पालिका पर एक जनप्रतिनिधि के दबाव में आकर नाले का रुख बदलने और लोगों को परेशानी में डालने का गंभीर आरोप लगाया।

यह घटना तब घटी जब मंत्री जीएसटी दरों में कमी के मुद्दे पर आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित करने के बाद नगर पालिका में मौजूद थे। प्रेसवार्ता समाप्त होते ही वार्ड सभासद अनिल कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में दर्जनों वार्डवासी वहां पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।सभासद ने बताया कि नगर पालिका ने उनके वार्ड में एक नाले का रुख मोड़कर उसे उस ओर कर दिया है, जहां लगभग 500 परिवारों के मकान हैं। इससे गंदा पानी अब लोगों के घरों में घुस रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इसी नाले के रास्ते दो स्कूलों का आना-जाना है, जिससे छात्र-छात्राओं को भी भारी परेशानी हो रही है। वार्डवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। बाद में, सभासद और वार्डवासियों ने प्रभारी मंत्री को एक ज्ञापन देकर इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। इस मौके पर कई अन्य सभासद और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
