वाराणसी,22 जनवरी । सोशल मीडिया में सुर्खियों में रहने वाली बिहार कैमूर की लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को वाराणसी की लंका पुलिस ने उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर नोटिस दिया है। नेहा सिंह ने गुरूवार को खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इसकी जानकारी दी। नोटिस में लोकगायिका को 07 दिनों के अंदर अपना बयान दर्ज कराने को कहा गया है। नोटिस मिलने के बाद लोकगायिका ने तंज कसते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट में लिखा कि हजरतगंज कोतवाली से बुलावे के बाद बनारस के लंका थाने की पुलिस भी घर आ गई है। जितनी मेहनत और तेजी मुझे परेशान करने के लिए की जा रही है। काश उतनी मेहनत और तेजी पटना की बेटी को न्याय दिलाने के लिए की गई होती।
बताते चले लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को यह तीसरा नोटिस जारी किया गया है। मामला उनके विवादित पोस्ट और मैसेज से जुड़ा हुआ है। जिस पर उनके खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। सबसे पहले लोक गायिका को लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने नोटिस जारी करके बयान दर्ज कराने के लिए कहा था। इसके बाद नेहा सिंह ने अपने अधिवक्ता के जरिए देश की उच्चतम अदालत में अपनी गिरफ्तारी रोकने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। उच्चतम न्यायालय ने गायिका के गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए 8 जनवरी के आदेश में बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद लोकगायिका ने बीते 20 जनवरी को हजरतगंज कोतवाली में अपना बयान दर्ज कराया था।
