मीरजापुर, 23 जनवरी । जमालपुर क्षेत्र के जलालपुर गांव स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मंगल बियार चौराहा के पास शुक्रवार को राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव राजभर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। सुहेलदेव पार्टी के युवा मंच के जिलाध्यक्ष राममंदिर बियार के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने महाराजा सुहेलदेव के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पार्चन कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराजा सुहेलदेव के शौर्य, त्याग और देशभक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने 11वीं सदी में स्थानीय राजाओं को संगठित कर देश की संस्कृति और हिंदू धर्म की रक्षा की। मंडल अध्यक्ष श्रीराम बियार ने कहा कि आक्रमणकारी सैयद सालार गाजी को पराजित कर उन्होंने देश के गौरव और स्वाभिमान की रक्षा की थी। इस अवसर पर मौजूद युवाओं ने महाराजा सुहेलदेव के दिखाए मार्ग पर चलने, देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में श्यामसुंदर बियार, रितेश बियार, राजबली बियार, राजू बियार, फूलचंद बियार, दयाराम बियार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
