up-student-dies-accident

मीरजापुर, 08 फ़रवरी । मीरजापुर अदलहाट थाना क्षेत्र के तियरा गांव के पास शनिवार की देर शाम हुए सड़क हादसे में साइकिल सवार हाईस्कूल के छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां ने फरार बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

डेढ़ौना गांव निवासी 15 वर्षीय मुहम्मद अशरफ कक्षा दस का छात्र था। शनिवार की शाम वह अपने साथी काजू के साथ साइकिल से तियरा गांव नहर की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों तियरा गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में अशरफ गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल छात्र को तत्काल वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां सिर और सीने में गंभीर चोट के चलते उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की मां साबरा बेगम ने अदलहाट थाने में तहरीर देकर बाइक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार सेठ ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights