up-road-accident-death

कानपुर नगर, 14 मार्च । पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत इटावा-कानपुर हाईवे पर शनिवार को इस्पात नगर के सामने पुल के ऊपर नासिक से आ रही एक डबल डेकर टूरिस्ट बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर के बाद बस में फंसे कई यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन पनकी से दमकल वाहन और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया।

रेस्क्यू कार्य के लिए फायर स्टेशन फजलगंज से रेस्क्यू एंबुलेंस भी मौके पर बुलाई गई। दमकल कर्मियों ने बस की खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

यह टूरिस्ट बस महाराष्ट्र के नासिक से चलकर अयोध्या होते हुए नेपाल जा रही थी। बस में कुल 57 यात्री सवार थे। हादसे में 15 यात्री घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बनी है। एक यात्री अति गंभीर रूप से घायल था, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बस में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गयी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights