up-railway-shramik-sangh-holi

गोरखपुर, 12 मार्च । पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ, मुख्यालय मंडल गोरखपुर द्वारा गुरुवार काे मातृशक्ति सम्मेलन एवं महिलाओं का होली मिलन कार्यक्रम में म​हिलाओं के सम्मान पर चर्चा की गयी। संगठन के कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की सीख दी।

कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ की उपाध्यक्ष रीता मिश्रा, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, गंगोत्री देवी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की संरक्षिका रीना त्रिपाठी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में रीना त्रिपाठी ने महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता के विषय में विस्तार से संबोधित किया।

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक महिला ही परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने महिलाओं से समाज में व्याप्त कुरीतियों और भेदभाव के खिलाफ जागरूक रहने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता रूपल त्रिपाठी ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के अन्याय या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं कानून का सहारा लेने में संकोच न करें।

कार्यक्रम का संचालन रीता मिश्रा, सर्वेश सिंह और अनीता कश्यप ने किया। इस अवसर पर प्रीति, सुनीता, राजकुमारी देवी, सुकन्या, सविता, रश्मि गुरुंग, मीरा, सुधा रानी त्रिपाठी, शायरा बानो, अंजू, परमजीत कौर सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ फूलों की होली खेलकर होली की शुभकामनाएँ दीं और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मिलन का आनंद लिया। आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights