up-prayagraj-hathaura-barat

प्रयागराज, 02 मार्च । सनातन संस्कृति केवल श्रेष्ठ ही नहीं, बल्कि विश्व की सर्वश्रेष्ठ संस्कृति है। यह बातें सोमवार को हथौड़ा बारात कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महापौर गणेश केसरवानी ने कही। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय परंपराओं में चार चांद लगाते हैं और समाज में सहयोग एवं समरसता की भावना को मजबूत करते हैं।

विशिष्ट अतिथि कौशल्या नंद गिरी (टीना मां) ने भारत को पर्वों का देश बताते हुए कहा कि यहां जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आध्यात्मिकता की झलक दिखाई देती है और भारतीय संस्कृति का कोई भी कार्यक्रम आध्यात्मिक आधार के बिना पूर्ण नहीं होता।

प्रयागराज नागरिक सेवा संस्थान द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी होलिका दहन की पूर्व संध्या पर खूबसूरत ‘हथोड़ा बारात’ का आयोजन पूरे हर्षोल्लास के साथ किया गया। ढोल-ताशा, बैंड-बाजा, भांगड़ा और डीजे की धुनों पर थिरकते बारातियों तथा आतिशबाजी के बीच निकली इस अनूठी बारात ने शहर में होली के ऐतिहासिक एवं सामाजिक समरसता पर्व का वातावरण बना दिया।

बारात के शुभारंभ अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी, कौशल्या नंद गिरी, पूर्व आयुक्त आरएस वर्मा, पुलिस उपायुक्त मनीष कुमार, अनिल गुप्ता (अन्नू भैया) तथा कार्यक्रम संयोजक संजय सिंह ने ‘दूल्हा राजा हथोड़ा’ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। कजरौटा से काजल लगाया गया, हार-श्रृंगार एवं बधाइयां दी गईं। तत्पश्चात मुसर चुमावन, लोढ़वा घुमावन एवं लालटेन से आरती उतारकर पारंपरिक रस्में निभाई गईं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘कुर्तियों का कद्दू भड़न’ रहा, जिसका संचालन संजय सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम संयोजक संजय सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा सभी का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ओपी गुप्ता ने की, जबकि संचालन कार्यक्रम संयोजक संजय सिंह एवं जनसंपर्क पार्षद नीरज गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। संस्था के मीडिया प्रभारी पार्षद पवन श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकार बंधुओं का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर भालचंद्र कुशवाहा, श्याम सुंदर पटेल, पूर्व पार्षद कन्हैयालाल गुप्ता, पार्षद दिग्विजय कुशवाहा, गोपीनाथ सराफ, ओम प्रकाश अग्रवाल, निखिल केसरवानी, विनोद सोनकर, अनूप केसरवानी, रिंकू वर्मा, कौशल सिंह, रत्नेश कुमार, आतिसी कैथवास, हरजिंदर पाल, अमित गुप्ता सहित शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights