मुजफ्फरनगर। Uttar Pradesh PET परीक्षा-2025 को नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। शनिवार को परीक्षा के पहले दिन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जनपद के कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसडी इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज और जैन कन्या पाठशाला स्नातकोत्तर महाविद्यालय जैसे प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों, जैमर, बायोमैट्रिक स्कैनर और प्रवेश द्वार पर की जा रही सघन चेकिंग का अवलोकन किया। साथ ही पेयजल, शौचालय और अभ्यर्थियों के मोबाइल व बैग जमा करने की व्यवस्था को भी परखा गया।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परीक्षार्थी को बिना प्रवेश पत्र सत्यापन के अंदर न जाने दिया जाए। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को प्रवेश न मिले और जरूरत पड़ने पर अभ्यर्थियों की हर संभव मदद की जाए।

जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा हॉल से लेकर परिसर तक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने के लिए जैमर लगाए गए हैं। वहीं अभ्यर्थियों को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की गई है।

अधिकारियों का कहना है कि पारदर्शिता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराया जाएगा। प्रशासन ने साफ किया है कि नकल या अनुशासनहीनता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights