up-digital-education-students

लखनऊ, 16 जनवरी । उत्तर प्रदेश सरकार का सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग प्रदेश में तकनीक आधारित शिक्षा को सशक्त करने तथा डिजिटल उत्तर प्रदेश के विजन को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रभावी कदम उठा रहा है। इसी क्रम में उप्र के कैबिनेट मंत्री, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स सुनील कुमार शर्मा ने गाजियाबाद में सरकारी विद्यालयों के लिए डिजिटल स्मार्ट कक्षाओं का शुभारम्भ किया।

यह पहल मैनकाइंड फार्मा लिमिटेड द्वारा अपनी प्रमुख कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहल ‘काइंडकेयर’ के अंतर्गत तथा सीड्स इम्पैक्ट के सहयोग से क्रियान्वित की जा रही है। इसका उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में समावेशी, गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक-सक्षम शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।

इस अवसर पर मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक के अधिकतम उपयोग को लेकर प्रतिबद्ध है। सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के माध्यम से राज्य के सरकारी विद्यालयों में डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराकर विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल स्मार्ट कक्षाएं छात्रों की सीखने की क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नवाचार और आधुनिक ज्ञान से जोड़ने का कार्य करेंगी।

डिजिटल स्मार्ट कक्षा पहल के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के 400 सरकारी विद्यालयों को लक्षित किया गया है, जिनमें अब तक 460 डिजिटल स्मार्ट कक्षाएं संचालित की जा चुकी हैं। इन कक्षाओं के माध्यम से हजारों छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम आधारित ऑडियो-विजुअल शिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ‘के-यान’ जैसे आधुनिक डिजिटल उपकरणों के माध्यम से विषयों को सरल, रोचक और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों की समझ और सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।

कार्यक्रम में कम्पनी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शीतल अरोड़ा, सीड्स इम्पैक्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आर. पुरुषोत्तम, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल को उत्तर प्रदेश में डिजिटल, समावेशी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights