लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा कर दी है। बोर्ड के अनुसार, वर्ष 2026 की परीक्षाएँ 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक संपन्न होंगी।बोर्ड सचिव द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, हाईस्कूल (कक्षा 10) और इंटरमीडिएट (कक्षा 12) दोनों परीक्षाएँ दो पालियों में आयोजित की जाएँगी। परीक्षा की पहली पाली सुबह 8:00 बजे से 11:15 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक होगी।बोर्ड ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम को इस तरह तैयार किया गया है जिससे विद्यार्थियों को विषयवार पर्याप्त समय मिल सके। साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य भी निर्धारित समय में पूरा कर परिणाम अप्रैल के अंत तक जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
जिलास्तर पर प्रशासनिक और शैक्षिक अधिकारियों की निगरानी में परीक्षा केंद्रों का चयन किया जा रहा है ताकि नकलविहीन और निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराई जा सके।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश बोर्ड देश का सबसे बड़ा शैक्षिक बोर्ड है, जिसमें हर वर्ष लगभग 55 लाख से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के पंजीकरण किए गए हैं।बोर्ड ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अपनी तैयारी निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी करें और समय पर एडमिट कार्ड व परीक्षा से जुड़ी अन्य सूचनाएँ अपने विद्यालय से प्राप्त कर लें।
