बरेली, 07 फरवरी । बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की प्रवर्तन टीम ने शनिवार को थाना भोजीपुरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कॉलोनी के खिलाफ ध्वस्तीकरण और अवैध निर्माणों पर सीलिंग की कार्रवाई की। यह कार्रवाई बिना स्वीकृत मानचित्र के कराए जा रहे निर्माण कार्यों के विरुद्ध की गई।
डीए उपाध्यक्ष मनिकंदन ए ने बताया कि, अमरजीत सिंह ने “मार्डन विलेज” नाम से करीब तीन हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना अनुमति भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क और बाउंड्रीवाल बनाकर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी, जिसे ध्वस्त किया गया। इसके अलावा कई डुप्लेक्स आवासीय भवनों को सील किया गया। सोनू सिंह बिल्डर्स ने लगभग 140 वर्गमीटर, सचिन बिल्डर्स द्वारा 160 वर्गमीटर, राममूर्ति बिल्डर्स द्वारा 180 वर्गमीटर तथा इन्द्रजीत मेहता बिल्डर्स द्वारा करीब 1200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित 20 डुप्लेक्स भवनों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। कार्रवाई संयुक्त सचिव दीपक कुमार और विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम व अभियंताओं की मौजूदगी में संपन्न हुई।
बीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग पूरी तरह अवैध है। ऐसे मामलों में प्राधिकरण की ओर से ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की, कि भूखंड या भवन खरीदने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृति की पुष्टि अवश्य कर लें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
