up-auraiya-crime-thieves

औरैया, 03 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली में कस्बे के आज़ाद नगर मोहल्ले में सूने पड़े मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

आज़ाद नगर निवासी शकुंतला पत्नी स्वर्गीय उदय नारायण 27 फरवरी को अपनी बेटी प्राची के साथ दवा लेने लखनऊ गई थीं। घर पर उनका बेटा प्रिंस पोरवाल मौजूद था, लेकिन वह भी 28 फरवरी की सुबह परीक्षा देने बाहर चला गया। इसके बाद मकान पूरी तरह खाली हो गया। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

पीड़िता दाे मार्च को जब वापस लौटीं तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब मिला। पीड़िता के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने के चार जोड़ी झुमके, एक बड़ी माला, एक टीका, करीब 300 ग्राम बिछुआ, एक पुरुष अंगूठी और एक मंगलसूत्र शामिल हैं। चांदी के जेवरों में पांच पायल, करीब 250 ग्राम लच्छे, 100 ग्राम की चांदी की गाय, 100 ग्राम का चांदी का दीया, एक पेंडेंट और एक चांदी की प्लेट भी चोरी हो गई। इसके अलावा करीब 30 हजार रुपये नकद, पांच पीतल के बर्तन और एक तलवार भी चोर उठा ले गए।

घटना से घबराई पीड़िता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक रामचंद वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights