up-auraiya-accident-one-died

औरैया, 10 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद–ककोर मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और चाची गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद वैन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, शरद सोमवार रात अपनी पत्नी और चाची को उद्योग केंद्र छोड़ने गए थे। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह दोनों को बाइक से वापस घर ला रहे थे। जैसे ही वे फफूंद–ककोर मार्ग पर राधा कृष्ण इंटर कॉलेज कटरा के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक निजी स्कूल की वैन से उनकी बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। वैन बच्चों को लेने के लिए सल्लाहपुर जा रही थी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार शरद चंद्र उर्फ छोटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वैन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बाइक पर बैठी पत्नी सोनी और चाची सर्वेश कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना को देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी दिबियापुर भेजा, जहां डॉक्टरों ने शरद चंद्र उर्फ छोटे को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोनी और सर्वेश कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

बताया गया है कि मृतक शरद चंद्र के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें कुणाल (7 वर्ष), राघव (6 वर्ष) और तान्या (4 वर्ष) शामिल हैं। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का इलाज जारी है और फरार वैन चालक की तलाश की जा रही है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights