नई दिल्ली में आयोजित 5वें एपीजे अब्दुल कलाम मेमोरियल व्याख्यान में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि देते हुए गडकरी ने उनके जीवन और योगदान को प्रेरणादायक बताया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण भारत के विकास और सड़क बुनियादी ढांचे की भूमिका पर जोर दिया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद और जदयू नेता केसी त्यागी सहित अनेक गण्यमान्य जन मौजूद थे। अपने व्याख्यान में गडकरी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब वे महाराष्ट्र सरकार में मंत्री थे, तब अटल जी ने उन्हें दिल्ली बुलाकर देश के गांवों में सड़कें बनाने की योजना तैयार करने का निर्देश दिया था। उन्हें देश का पहला मुंबई-पूणे एक्सप्रेसवे और वर्ली-बांद्रा सी लिंक प्रोजेक्ट को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत पूरा करने का मौका मिला। इन परियोजनाओं के सफल होने के बाद अटल जी ने उनसे कहा, “नितिन, तुमने शहरों में बहुत काम किया, अब देश के गांवों में अच्छी सड़कें बनाने के लिए योजना तैयार करो।”
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्यालय में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी का एक कथन लिखकर रखा था, जिसमें कहा गया था, “अमेरिका की सड़कें इसलिए अच्छी नहीं हैं क्योंकि अमेरिका अमीर है, बल्कि अमेरिकी सड़कें अच्छी हैं इसलिए अमेरिका अमीर है।” इस कथन से प्रेरित होकर गडकरी ने अटल जी के सामने अपनी रिपोर्ट में यही बात रखी। गडकरी ने अपने संबोधन में डॉ. कलाम के ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता के दृष्टिकोण को याद करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से आज भी देश में नवाचार और प्रगति को बढ़ावा मिल रहा है।
