नीताल, 29 जनवरी । नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड एवं कैंप–2026 में नैनीताल के 5 यूके नेवल एनसीसी के 18 कैडेटों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कुमाऊँ विश्वविद्यालय और उत्तराखंड का नाम रोशन किया। शिप मॉडलिंग कार्यक्रम में सीनियर कैडेट कैप्टेन निष्ठा जोशी और कैडेट तुषार पांडेय ने रक्षा मंत्री, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष, नौसेना प्रमुख, थलसेना प्रमुख और दिल्ली की मुख्यमंत्री को अपने मॉडल की विस्तृत जानकारी दी। इस पर निष्ठा जोशी को विशेष प्रशंसा स्वरूप पिन देकर सम्मानित किया गया।
इनके अतिरिक्त लीडिंग कैडेट करन सिंह राणा ने नेवल प्लाटून के गार्ड कमांडर के रूप में प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष, नौसेना प्रमुख, थलसेना प्रमुख और दिल्ली की मुख्यमंत्री को गार्ड प्रस्तुत किया तथा प्रधानमंत्री के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में एनसीसी की टुकड़ी का नेतृत्व किया। कैडेटों को राष्ट्रपति भवन के भ्रमण का अवसर भी मिला, जहां उन्होंने राष्ट्रपति से भेंट की। कैडेट भूमिका जलाल का चयन उत्तराखंड निदेशालय की झांकी के प्रतिनिधित्व के लिए हुआ, जबकि मनीष महरा, सुशांत सिंह राणा, हरविंदर सिंह, पायल भोज, दीपांजलि, गीतांजलि और पायल जलाल ने प्रधानमंत्री की रैली में प्रतिभाग किया।
एनसीसी अधिकारी प्रो. रीतेश साह ने इसे युवाओं के अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति का प्रमाण बताया। इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. (मानद कर्नल) दीवान सिंह रावत, कमांडिंग अधिकारी कैप्टन मृदुल साह, कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर अनिल महास, कुलसचिव डॉ. एमएस मंद्रवाल, डीएसबी परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा और छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. संजय पंत ने कैडेटों को बधाई दी।
